एनएसएस के जरिए गांव-गांव तक पहुंच रहीं स्वास्थ्य सेवाएं : कुलपति

कानपुर, 21 फरवरी । राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य केवल शिविर लगाना नहीं, बल्कि गांव-गांव तक स्वास्थ्य, स्वच्छता और सेवा की भावना पहुंचाना है। इस तरह के शिविर ग्रामीणों को समय पर परामर्श और जांच की सुविधा देकर उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाते हैं। यह बातें शनिवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कही।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के कुलपति के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-6 द्वारा ग्राम पंचायत उदेतपुर, बिठूर में सात दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर के छठवें दिन राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-6 एवं एक संस्था के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम पंचायत सचिवालय में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया।

स्वास्थ्य शिविर में 200 से अधिक ग्रामीणों ने प्रख्यात चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श प्राप्त किया। ग्रामीणों की रक्त जांच, मधुमेह जांच, रक्तचाप, वजन मापन तथा नेत्र परीक्षण जैसी आवश्यक जांचें निःशुल्क की गईं। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समय पर जांच के महत्व को समझाना रहा। एनएसएस स्वयंसेवकों ने शिविर के दौरान पंजीकरण, व्यवस्था संचालन और ग्रामीणों को जांच कक्षों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

इस सेवा कार्य में राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. अजय कुमार यादव, ग्राम प्रधान विद्यासागर यादव तथा एनएसएस इकाई-6 के स्वयंसेवकों का विशेष सहयोग रहा।