पौड़ी गढ़वाल, 15 फ़रवरी ।महाशिवरात्रि का पावन पर्व पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। महाशिवरात्रि पर्व पर शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। सुबह से ही श्रद्धालुओं ने मंदिरों में जलाभिषेक किया। शिव मंदिर भोलेनाथ के जयकारों से गूंजते नजर आए। क्यूकालेश्वर महादेव मंदिर, लक्ष्मी नारायण मंदिर, गगवाडस्यूं घाटी के देवलेश्वर महादेव मंदिर, कल्जीखाल के थानेश्वर मंदिर में जलाभिषेक के लिए सुबह से ही श्रद्धालु उमड़े रहे।
रविवार को महाशिवरात्रि के पर्व देवलेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। मंदिर के मुख्य पुजारी सुधीरचंद्र बड़थ्वाल ने बताया कि मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। दिनभर मंदिर में क्षेत्र की महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन किए गए। बताया कि शिवरात्रि पर्व पर चार प्रहर की पूजा की जा रही है।
सोमवार की सुबह तक मंदिर में इन चार प्रहरों के तहत पूजा अर्चना की जाएगी। इस दौरान शिव भक्तों ने जल, दूध, दही, घी, शहद एवं गंगाजल से भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर बेलपत्र, भांग, धतूरा और पुष्प अर्पित किए। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गुंजायमान रहा।