रांची, 09 फ़रवरी । झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि वीर बुधु भगत हमारे मांडर क्षेत्र के गौरव और प्रेरणा के प्रतीक हैं। उनके संघर्ष और बलिदान की गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है।
मंत्री शिल्पी नेता तिर्की ने सोमवार को यह बात चाह्नो के सिलागाई में वीर बुधु भगत स्मारक समिति के पदाधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक में बोलते हुए कही।
बैठक में आगामी 17 फरवरी को वीर बुधु भगत की 234वीं जयंती समारोह को भव्य और ऐतिहासिक बनाने का निर्णय लिया गया। मंत्री ने निर्देश दिया कि समारोह में हर साल की तरह इस बार भी भव्यता बरकरार रहे। समारोह के दिन आयोजित विकास मेला में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में जयंती समारोह के प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान दिया गया और आसपास के गांवों और प्रखंडों तक कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार करने का निर्णय लिया गया। मंत्री ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने और योजना के योग्य लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने पर विशेष बल दिया जाना चाहिए।
स्मारक समिति और प्रशासन ने जयंती समारोह की रूपरेखा, अतिथियों के स्वागत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, पेयजल, साफ-सफाई और विकास मेला के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां तय कर कार्यों का बंटवारा भी किया गया।
बैठक में स्मारक समिति के अध्यक्ष शिवपूजन भगत, महासचिव गोपाल भगत, बीडीओ वरुण कुमार, थाना प्रभारी टिंकू रजक, कांग्रेस पीसीसी डेलीगेट दिलीप सिंह, अजीत सिंह, सूका उरांव, भोआ उरांव, अल्फ्रेड मिंज, मो. मुजीबुल्ला, मंगलदेव उरांव, मुखिया महादेव भगत, शिव उरांव, अनिल गोप, प्रो. रामकिशोर भगत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।————–