पूर्वी सिंहभूम, 25 फ़रवरी । ग्रुप केंद्र जादूगोड़ा में क्षेत्रीय कावा, सीआरपीएफ के तत्वावधान में बुधवार को हृदय रोग और कैंसर की रोकथाम को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम ग्रुप केंद्र जमशेदपुर के डीआईजी रमेश कुमार के मार्गदर्शन में और क्षेत्रीय कावा प्रमुख रेनू सिंह के सहयोग से संपन्न हुआ।
मौके पर में डीआईजी रमेश कुमार ने कहा कि ड्यूटी की व्यस्तता और तनावपूर्ण परिस्थितियों के बीच स्वास्थ्य की अनदेखी गंभीर परिणाम दे सकती है। उन्होंने कहा कि हृदय रोग और कैंसर जैसी बीमारियां शुरूआती अवस्था में पहचान ली जाएं तो उनका प्रभावी उपचार संभव है। उन्होंने जवानों से नियमित हेल्थ चेकअप कराने, संतुलित आहार लेने, धूम्रपान और नशे से दूर रहने और प्रतिदिन व्यायाम करने की अपील की।
कार्यक्रम में चिकित्सा विशेषज्ञों ने विस्तार से जानकारी साझा की। डीआईजी मेडिकल डॉ उर्मिला गारी और सीएमओ डॉ मीना नवीन ने महिलाओं में होने वाले स्तन कैंसर और गर्भाशय कैंसर के लक्षण, कारण और बचाव के उपायों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नियमित स्क्रीनिंग और जागरूकता से इन बीमारियों की समय रहते पहचान की जा सकती है, जिससे इलाज की सफलता दर बढ़ जाती है। महिलाओं को स्वयं स्तन परीक्षण की प्रक्रिया समझाई गई और किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज न करने की सलाह दी गई।
चिकित्सकों ने हृदय रोगों के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कोलेस्ट्रॉल, मोटापा, तनाव और असंतुलित खान-पान इसके प्रमुख कारण हैं। उन्होंने कहा कि समय-समय पर ब्लड प्रेशर, शुगर और लिपिड प्रोफाइल की जांच कराना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में ग्रुप केंद्र के अधिकारी, क्षेत्रीय कावा की सदस्य, जवानों के परिवार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थेे।