भक्तिभाव से मना सोनमेर में शिव–पार्वती मंदिर का स्थापना दिवस

खूंटी, 11 फ़रवरी । कर्रा प्रखंड के सुप्रसिद्ध सोनमेरो मंदिर परिसर स्थित शिव–पार्वती मंदिर का चौथा स्थापना दिवस बुधवार को विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धापूर्वक सम्पन्न हुआ।

इस अवसर पर मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत पंडित प्रमोद नाथकर, विकास दास और श्याम सुंदर पति ने मंदिर परिसर की साफ-सफाई एवं सुदृढ़ीकरण के साथ की गई। इसके बाद पुजारी अमित साहु और उनकी धर्मपत्नी सीमा देवी एवं गजेंंद्र दल एवं उनकी पत्नी सतओना देवी के सान्निध्य में विधिवत पूजा-अर्चना कराई गई।

पूजा के क्रम में सर्वप्रथम रुद्राभिषेक, हवन और आरती संपन्न हुई। पुजारियों ने भगवान शिव, माता पार्वती और सोनमेर मां दशभुजी से क्षेत्र में सुख-समृद्धि, हरियाली और जनमानस के जीवन में खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। साथ ही क्षेत्र को महामारी जैसी बीमारियों से सुरक्षित रखने की कामना की गई।

पूजा के बाद भजन-कीर्तन कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें श्रद्धालु भक्तिमय गीतों पर झूमते-गाते नजर आए। मंदिर परिसर हर-हर महादेव, माता पार्वती की जय और मां दशभुजी की जय के जयघोष से गूंज उठा, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर हो गया।

पूजा समाप्ति के बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी, पुड़ी और सब्जी का वितरण किया गया।

इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में सोनमेर मंदिर समिति के अध्यक्ष एतवा उरांव, कोषाध्यक्ष जगतू बड़ाइक, सचिव मनीषा मुंडा, कोषाध्यक्ष निरंजन सोरों के अलावा नीलम हेरेंज, किशोर बड़ाइक, सुरज दल, अनुप, जगन्नाथ, पंडा मुंडा, टेनू बड़ाइक सहित अन्य ग्रामीणों ने योगदान दिया।