खूंटी, 08 फ़रवरी । खूंटी के में रोड स्थित वसुंधरा कॉम्प्लेक्स में रविवार को इएसआईसी (कर्मचारी राज्य बीमा निगम) के अधिकारियों के साथ चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल और शहर के गणमान्य व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए इएसआईसी के लाभों और पंजीकरण प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी देना था।
निगम के अधिकारियों ने व्यापारियों को बताया कि जिन प्रतिष्ठानों में 10 या उससे अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं, वे इएसआईसी के अंतर्गत अपने कर्मचारियों का पंजीकरण कराकर उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध करा सकते हैं। उन्होंने समझाया कि बहुत ही मामूली अंशदान के माध्यम से इएसआईसी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर कर्मचारियों को चिकित्सा सुविधा, अस्पताल में भर्ती, दवा, मातृत्व लाभ, दुर्घटना बीमा सहित अन्य कई स्वास्थ्य संबंधी लाभ दिए जा सकते हैं।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि इएसआईसी योजना कर्मचारियों और नियोक्ताओं दोनों के लिए लाभकारी है तथा इससे कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं से काफी हद तक राहत मिलती है। बैठक के दौरान व्यापारियों ने भी अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से समाधान किया।
इस बैठक में प्रमुख रूप से चेंबर अध्यक्ष प्रियंक भगत, उपाध्यक्ष ज्योति सिंह, कोषाध्यक्ष सुमित जैन, कार्यकारिणी सदस्य उदय भाला, संतोष गुप्ता, दीपक सिंह, रीतेश जायसवाल, प्रशांत भगत, रविंद्र सिंह, तरुण भगत, सुमित जायसवाल, बबलू चौधरी, अभिषेक बर्मन, श्रीकांत मिश्रा सहित कई व्यापारी उपस्थित रहे।