मतदान दलों के गठन के लिए पीठासीन पदाधिकारी का रेंडमाइजेशन

खूंटी, 11 फ़रवरी । नगर पंचायत क्षेत्र में आगामी 23 फरवरी को होने वाले निर्वाचन को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की दिशा में जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में समाहरणालय स्थित एनआईसी कक्ष में मतदान दलों के गठन के लिए पीठासीन पदाधिकारी एवं मतदान पदाधिकारियों का द्वितीय रेंडमाइजेशन कराया गया।

यह रेंडमाइजेशन राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त आर रॉनिटा की उपस्थिति में किया गया। रेंडमाइजेशन प्रक्रिया के माध्यम से मतदान दलों का चयन पूर्णतः कंप्यूटरीकृत प्रणाली से किया गया, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे।

इस अवसर पर खूंटी नगर पंचायत क्षेत्र की सामान्य प्रेक्षक रश्मि लकड़ा, वरीय पदाधिकारी कार्मिक कोषांग-सह-उप विकास आयुक्त आलोक कुमार, सभी निर्वाची पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी तथा कार्मिक कोषांग से जुड़े अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

जिला प्रशासन ने निर्वाचन से जुड़े सभी पदाधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, जिससे मतदाताओं को सुरक्षित थाैर व्यवस्थित वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिल सके।