नक्सली संगठन के नाम पर रंगदारी वसूलने वालों को भेजें सलाखों के पीछे : एसपी

रामगढ़, 14 फ़रवरी । एसपी अजय कुमार आपराधिक मामलों पर अंकुश लगाने का फरमान जारी किया है। किसी भी सूरत में संगठित गिरोह या तथाकथित नक्सली संगठन के नाम पर रंगदारी वसूलने वालों को सलाखों के पीछे भेजने की जरूरत है। यह बातें एसपी अजय कुमार ने शनिवार को अपराध समीक्षा बैठक में कही। समीक्षा में उन्होंने उन सभी थाना प्रभारियों की क्लास लगाई जिनके क्षेत्र में अपराधी बेलगाम होकर अपराध कर रहे हैं। बैठक में मुख्य रूप से फायरिंग, आगजनी, तोड़फोड़, विस्फोट से संबंधित काण्डों की समीक्षा की गई।

इसके अलावा क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर अपराधिक तत्वों पर निगरानी रखने, गंभीर कांडों में शामिल बाहर के अपराधियों का सत्यापन करने, जेल से बाहर निकले अपराधियों की गतिविधि पर नजर रखने, संदिग्ध गतिविधि पाये जाने पर थाना हाजरी का प्रस्ताव समर्पित करने, लंबित कांंडों की समीक्षा प्रत्येक 02 दिनों में करने, कोर्ट की ओर से जारी वारंंट, कुर्की का निष्पादन करने, आगामी पर्व त्योहार को लेकर एंटी क्राईम चेकिंग, ड्रंक एंड ड्राइव चेकिंग तथा गश्ती के माध्यम से धार्मिक स्थलों पर निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।

एसपी ने बिट पुलिसिंग को लेकर सभी थाना प्रभारी को पुनः समझाया। इसके अलावा बिटवार पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों का बटवारा करते हुए उनकी जिम्मेवारी निर्धारित करने, नशीले पदार्थों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने, अति-संवेदनशील काण्डों हत्या, पोक्सो, आगजनी, अपराधिक, महिला उत्पीडन, साईबर धोखाधड़ी, एनडीपीएस, लूट, डकैती, गृहभेदन, चोरी की समीक्षा की।

बैठक में पतरातु एसडीपीओ गौरव गोस्वामी, डीएसपी हेडक्वार्टर चंदन वत्स, सभी थाना प्रभारी मौजूद थे।