अमेरिकी अपराधी जेफ्री एपस्टीन से धर्मगुरु दलाई लामा को कोई संबंध नही : दलाई लामा कार्यालय

धर्मशाला, 08 फ़रवरी । दुनिया के चर्चित ‘एपस्टीन फाइल्स’ सेक्स स्कैंडल से अब बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा का नाम जोड़ने से खासकर बौद्ध समुदाय में खासा रोष है। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दलाई लामा को अमेरिकी अपराधी जेफ्री एपस्टीन से संबंधित बताया जा रहा था। इन दावों पर दलाई लामा के कार्यालय ने रविवार को आधिकारिक बयान जारी कर अपना पक्ष रखा है।

दलाई लामा के कार्यालय ने इन खबरों को पूरी तरह से असत्य बताया है। यहां जारी प्रेस बयान में कहा गया, “हम पूरी स्पष्टता के साथ पुष्टि करते हैं कि परम पावन दलाई लामा ने कभी भी जेफ्री एपस्टीन से मुलाकात नहीं की है, न ही उन्होंने अपनी ओर से किसी को एपस्टीन से मिलने या बातचीत करने के लिए अधिकृत किया था।

दलाई लामा का नाम सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कुछ ‘मॉर्ड’ (छेड़छाड़ की गई) तस्वीरों और फर्जी सूचियों के माध्यम से सामने आया है। दलाई लामा कार्यालय ने इसे उनकी छवि खराब करने की एक सुनियोजित साजिश बताया है।

दलाई लामा की टीम ने साफ कर दिया है कि धर्मगुरु का इस विवादित मामले से कोई संबंध नहीं है और ये खबरें पूरी तरह से फर्जी हैं।