धर्मशाला, 19 फ़रवरी । पांच दिवसीय राज्य स्तरीय शिवरात्रि महोत्सव बैजनाथ का समापन वीरवार को श्रद्धा, आस्था और हर्षोल्लास के वातावरण में हुआ। समापन समारोह में बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विधायक ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
अपने संबोधन में विधायक किशोरी लाल ने कहा कि बैजनाथ शिवरात्रि मेले को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के ठोस प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की पावन भूमि बैजनाथ में आयोजित यह प्राचीन उत्सव न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि यह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। इसकी गरिमा और परंपरा को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी स्टेडियम में दूसरी बार मेले का आयोजन में किया गया जो पूरी तरह सफल रहा। बेहतर व्यवस्थाओं, सुसंगठित कार्यक्रमों और जनसहभागिता ने महोत्सव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने मेला समिति, प्रशासन और स्थानीय जनता को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
विधायक ने प्रदेश सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार जनहित के अनेक सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और सामाजिक सेवा की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
उन्होंने पारंपरिक संगीत, नृत्य और लोक कलाओं की प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ये हमारी सांस्कृतिक पहचान को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस अवसर पर विधायक ने उत्सव की स्मारिका और कैलेंडर का विधिवत विमोचन भी किया।
इससे पूर्व मेला समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम बैजनाथ ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए उत्सव के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विभागों, संगठनों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
समापन समारोह में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुराग शर्मा सहित एसडीएम, बीडीओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।