लोकसभा में हंगामे के चलते कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित

नई दिल्ली, 13 फरवरी । लोकसभा में आज विपक्षी सांसदों के हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

सदन की कार्यवाही शुरू होने पर सबसे पहले पूर्व सांसद डॉ. भगवानदास राठौड़ को श्रद्धांजलि दी गई। उनका 21 जनवरी को उत्तराखंड के हरिद्वार में 80 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।

इसके बाद पीठासीन अधिकारी संध्या राय ने प्रश्नकाल की कार्यवाही प्रारंभ कराई। उन्होंने उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद से सांसद उज्ज्वल रमन सिंह को प्रश्न पूछने के लिए आमंत्रित किया।

स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने उनके प्रश्न का उत्तर दिया। इसके बाद तेलुगू देशम पार्टी के सदस्य कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने अपना प्रश्न रखा।

इसी दौरान कांग्रेस समेत विपक्षी सदस्यों ने इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामा बढ़ने पर पीठासीन अधिकारी ने सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।