महाशिवरात्रि: शिवालयों में चार प्रहर की पूजा सहित विशेष योग में रुद्राभिषेक

जयपुर, 14 फ़रवरी । फाल्गुन मास की कृष्ण पक्ष चतुर्दशी पर रविवार को महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर सर्वार्थ सिद्धि योग, बुधादित्य योग और चतुर्ग्रही योग का विशेष संयोग बन रहा है। सुबह से देर रात तक शहर के शिवालयों में ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष गूंजेंगे।

छोटीकाशी के प्रमुख मंदिरों में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। चौड़ा रास्ता स्थित ताड़केश्वर जी मंदिर, बनी पार्क के जंगलेश्वर महादेव मंदिर, वैशाली नगर के झारखंड महादेव मंदिर, छोटी चौपड़ के रोजगारेश्वर महादेव और आमेर के भूतेश्वर महादेव सहित विभिन्न शिवालयों में भक्त जलाभिषेक कर गाजर, बेर, सोगरी, आक, बिल्व पत्र आदि अर्पित करेंगे। कई मंदिरों में चार प्रहर की विशेष पूजा होगी।

ज्योतिषाचार्य बनवारी लाल शर्मा ने बताया कि महाशिवरात्रि पर उत्तराषाढ़ा के बाद श्रवण नक्षत्र रहेगा। मकर राशि का चंद्रमा भी पूजा के लिए शुभ फलदायी है। श्रद्धालु रुद्राभिषेक कर मनोकामना पूर्ति और ग्रह दोष शांति की कामना करेंगे। अविवाहित युवक-युवतियां योग्य जीवनसाथी की प्राप्ति के लिए व्रत रखेंगे, वहीं विवाहित महिलाएं माता पार्वती को सिंदूर या मेहंदी अर्पित कर वैवाहिक सुख की कामना करेंगी।

प्रथम प्रहर शाम 6:14 से 9:27 बजे तक, द्वितीय प्रहर 9:28 से 12:41 बजे तक, तृतीय प्रहर 12:42 से 3:54 बजे तक और चतुर्थ प्रहर 3:55 से 7:07 बजे तक रहेगा। निशीथ काल मध्य रात्रि 12:15 से 1:06 बजे तक माना गया है।

वैशाली नगर स्थित झारखंड महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि मेले को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। मंदिर का प्रबंधन बब्बू सेठ मेमोरियल ट्रस्ट के तत्वावधान में किया जा रहा है। हर वर्ष यहां लाखों श्रद्धालु अभिषेक के लिए पहुंचते हैं।

ट्रस्ट अध्यक्ष जयप्रकाश सोमानी ने बताया कि सुबह 4:30 बजे मंदिर के पट खोले जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 200 वालेंटियर तैनात रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 36 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा करीब 200 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पार्किंग, पेयजल और कतारबद्ध दर्शन की व्यवस्था की गई है।

महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर फाल्गुन प्रदोष व्रत पर शिवालयों में भगवान भोलेनाथ का विशेष अभिषेक और फाल्गुनी श्रृंगार किया गया। मुरलीपुरा स्थित श्री शिव दुर्गा हनुमान मंदिर में फागोत्सव का आयोजन हुआ, जहां भक्तों ने भजनों के साथ दर्शन किए।

शनि प्रदोष पर न्यू सांगानेर रोड स्थित वीर चमत्कारी हनुमान मंदिर में घुमंतू जाति उत्थान न्यास के तत्वावधान में समरसता रुद्राभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। आयोजन में समाज में समरसता और आध्यात्मिक जागरूकता का संदेश दिया गया।