हमीरपुर, 17 फरवरी । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र के कम्हारिया गांव में मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर बने नाले में एक अधेड़ का शव उतराता हुआ मिला। पुलिस मौके पर पहुंच शव को बाहर निकाला, जिसकी पहचान गांव के ही दिलदार 50 पुत्र वली मोहम्मद उर्फ उल्ली के रूप में हुई । पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है।
प्रधान प्रतिनिधि जलाल ने बताया दिलदार बीते 15 फरवरी से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता था। स्वजन उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन पुलिस को सूचना नहीं दी गई थी। मंगलवार को जब कुछ स्थानीय लड़के मछली पकड़ने नाले की ओर गए, तो उन्हें पानी में एक शव दिखाई दिया। शोर मचाने पर भारी भीड़ जमा हो गई। जिसके बाद परिजनों ने मृतक की पहचान दिलदार के रूप में की। मृतक के भाई मुबारक हुसैन ने बताया कि दिलदार पेशे से किसान था, लेकिन उसे शराब पीने की लत थी। वह अक्सर गांव की पुलिया पर बैठकर समय बिताया करता था। आशंका जताई जा रही है कि 15 फरवरी की रात भी वह शराब के नशे में वहीं बैठा था और अचानक संतुलन बिगड़ने से गहरे नाले में जा गिरा।
दिलदार का पारिवारिक जीवन काफी संघर्षपूर्ण रहा। उसकी पत्नी की मृत्यु पहले ही हो चुकी है। उसके दो बेटे व एक बेटी थी, जिनमें से छोटे बेटे की मृत्यु करीब 10 साल पहले हो गई थी। अब परिवार में केवल एक बड़ा बेटा और एक बेटी बची है, जो शादीशुदा हैं। परिजनों ने बताया कि फोन बंद आने पर उन्हें लगा कि वह कहीं खेत के काम से गया होगा, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का लग रहा है। कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का स्पष्ट पता चल सकेगा। मामले की जांच जारी है।