भोपाल, 24 फरवरी । भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में विशाल ‘किसान महाचौपाल’ का आयोजन किया है। इसमें बड़ी संख्या में प्रदेश भर से पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए हैं। महाचौपाल में शामिल होने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी भोपाल पहुंच गए हैं।
मल्लिकार्जुन खड़गे एवं राहुल गांधी दोपहर में विमान से भोपाल के राजाभोज विमानतल पहुंचे, जहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेता एयरपोर्ट से सीधे कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना गए। वे यहां जवाहर चौक पर आयोजित किसान महाचौपाल को संबोधित करेंगे।
इधर, सभा स्थल पर जाने को लेकर कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं की पुलिस से बहस हो रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। एसीपी ट्रैफिक अजय वाजपेयी ने बताया कि कार्यक्रम में आने वालों को प्लेटिनम प्लाजा और वीआईपी रोड डिपो की ओर से प्रवेश दिया जा रहा है। वहीं जवाहर चौक, माता मंदिर और न्यू मार्केट की तरफ से ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। इसके बावजूद कई मार्गों पर कांग्रेसी अब भी डटे हुए हैं। प्रवेश न मिलने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है, जबकि पुलिस हालात को नियंत्रित करने में जुटी हुई है।