धार, 09 फ़रवरी । धार शहर में लगातार हो रही दुपहिया वाहनों की चोरी की वारदातों में कोतवाली पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर अंतर-जिला बाइक चोर गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 8 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 9 लाख रुपये बताई जा रही है।
सीएसपी सुजावल जग्गा ने आज सोमवार को बताया कि कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि भक्ताम्बर रोड स्थित देवीजी मंदिर के पास दो संदिग्ध व्यक्ति चोरी की बाइक के साथ बैठे हैं। पुलिस ने तत्काल मौके पर दबिश देकर संजय पुत्र भगडिया अनारे और मनोज पुत्र कमरु अनारे निवासी देवीपुरा टांडा)को हिरासत में लिया।
शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने मगजपुरा से बजाज पल्सर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने साथियों रितेश और नबलसिंह के साथ मिलकर धार और इंदौर के विभिन्न क्षेत्रों से कई वाहन चुराए हैं। पुलिस द्वारा क्षआरोपियों की निशानदेही पर तिरला के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई कुल आठ मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं।