ग्वालियर, 05 फरवरी । मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में ग्वालियर में 20 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे अटल स्मारक और संग्रहालय का कार्य 30 सितम्बर 2026 तक पूर्ण होकर आमजनों के अवलोकन के लिए उपलब्ध हो जाएगा।
यह जानकारी गुरुवार कलेक्टर रुचिका चौहान ने सिरोल पहाडी पर बन रहे अटल समास्क एवं संग्रहालय के निरीक्षण के दौरान दी। उन्होंने निर्माण कार्य को गति प्रदान करने एवं गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अटल समास्क एवं संग्रहालय का कार्य 30 सितंबर तक पूर्ण कर लिया जाए। जिससे इसे जल्द से जल्द जनता के लिए खोला जा सके।
इस अवसर पर बताया गया कि अटल स्मारक और संग्रहालय के सिविल कार्य के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश सरकार की ओर से हाल ही में 6.80 करोड रुपये प्रदान किए हैं। कलेक्टर ने अटल स्मारक एवं संग्रहालय के पूरे डिजाइन एवं उसके कार्यों को देखा। अटल स्मारक एवं संग्रहालय सिरोल पहाडी पर 10 एकड़ में बनाया जा रहा है। तीन मंजिला इस अटल स्मारक एवं संग्रहालय में प्रत्येक मंजिल पर अटल जी से संबंधित स्मृतियों को दर्शाया जा रहा है।
कलेक्टर चौहान ने बेसमेंट का निरीक्षण किया। इस अवसर पर बताया गया कि बेसमेंट का क्षेत्रफल 290 वर्ग मीटर है। बेसमेंट हॉल में सूचना पटल लगाया जाएगा। साथ ही अटल जी का प्रदर्शन क्षेत्र रहेगा एवं अटल जी की भव्य मूर्ति लगाई जाएगी। साथ ही लिफट, लॉबी एवं सीढियां रहेंगी। इसके बाद ग्राउण्ड फलोर पर 46 वर्गमीटर क्षेत्र में इतिहास गैलरी लगाई जाएगी, जिसमें भारत का इतिहास एवं स्वतंत्र भारत के बारे में बताया जाएगा। इसके साथ ही यहां पर अटलजी का भव्य वर्चुअल स्टैचू लगाया जाएगा। हिस्टी लॉग में अटल जी की जीवन एवं कार्यशैली के बारे में बताया जाएगा। इसके साथ ही तोश खाना गैलरी में पूर्व पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को मिले उपहार एवं पुरस्कार प्रदर्शित किए जाएंगे। जबकि डिस्प्ले कॉरिडोर में आंगतुकों के लिए विभिन्न प्रकार के कला प्रदर्षित की जाएंगी, साथ ही बैठक भी रहेगी।
निरीक्षण के दौरान मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग के अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे। उन्होंने कलेक्टर को बताया कि अटल स्मारक एवं म्यूजियम के निर्माण का कार्य तेजी के साथ किया जा रहा है। स्मारक के सभी काम 30 सितम्बर तक पूर्ण कर आमजनों के अवलोकनार्थ उपलब्ध करा दिया जायेगा। अटल स्मारक निर्माण कार्य की वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा भी निरंतर मॉनीटरिंग की जा रही है।
गैलरी में ले सकेंगे अटलजी के साथ सेल्फी
गैलरी का क्षेत्रफल 1300 वर्ग मीटर रहेगा, यहां पर लोग पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रमिता के साथ सेल्फी ले सकेंगे। इसके साथ ही यहां पर ग्रीन तकनीक का उपयोग किया जाएगा जिससे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ लोग घूम भी सकेंगे।
प्रथम तल पर बनेगा ई-लाइब्रेरी और ऑफिस
प्रथम तल पर सेमिनार हॉल रहेगा, जिसका क्षेत्रफल 170 वर्गमीटर रहेगा। इसके साथ ही सेविनियर शॉप रहेगी, जिसका क्षेत्रफल 175 वर्गमीटर रहेगा। इसमें चित्र पोस्टकार्ड आदि रखे जाएंगे। साथ ही 65 वर्गमीटर में ई-लाइब्रेरी एवं ऑफिस रहेगा। इसमें ऑडियो, फाइलों, छवियों को प्रदर्शित किया जाएगा।___________________