ग्वालियर, 14 फरवरी । केरल के जनप्रतिनिधियों का एक दल आज शनिवार को दल मध्य प्रदेश के दो दिवसीय प्रवास पर ग्वालियर आ रहा है। यह दल ग्वालियर की ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन करने के साथ ही केन्द्र सरकार एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के तहत किए गए विकास कार्यों का भी अवलोकन करेगा।
जनसम्पर्क अधिकारी मधु सोलापुरकर ने बताया कि केरल के जनप्रतिनिधियों का यह दल आज दिल्ली से वंदे भारत ट्रेन द्वारा ग्वालियर आएगा। यह दल निगम के परिषद कार्यालय पहुंचकर परिषद की गतिविधियों की जानकारी लेने के साथ ही पार्षदगणों से भी चर्चा करेगा। इसके साथ ही गौशाला की व्यवस्थाओं और नगर निगम द्वारा स्थापित सीएनजी प्लांट का भी अवलोकन करेगा। दल द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल फिल्टर प्लांट, स्मार्ट सिटी के कंट्रोल कमाण्ड सेंटर का भी अवलोकन किया जायेगा।
दो दिवसीय भ्रमण के दौरान केरल का दल ग्वालियर के ऐतिहासिक किले का भी अवलोकन करेगा। इसके साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के निवास पर पहुँचकर उन्हें श्रद्धा-सुमन भी अर्पित करेगा। साथ ही जिले के अधिकारियों से भी शहर विकास एवं शासन की कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में चर्चा करेगा। यह दल भ्रमण के पश्चात रविवार, 15 फरवरी की रात में रेलमार्ग से ग्वालियर से केरल के लिए रवाना होगा।