श्योपुर, 28 फ़रवरी । मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में स्थित कूनो राष्ट्रीय उद्यान में तीसरे चरण में 9 चीतों को बोत्सवाना से भारत लाकर कूनों में छोड़ा गया है। ऐसे में अब देश में चीतों की संख्या 48 हो गई है, जिसमें भारतीय मूल के 28 चीता शामिल हैं।
भारत में चीतों की पुर्नबसाहट के लिए तीन वर्ष पूर्व शुरू हुए चीता प्रोजेक्ट के तहत बोत्सवाना से लाये गये 9 चीते को शनिवार को आयुसेना के तीन विशेष हेलीकॉप्टरों से सुबह 9.30 कूनो राष्ट्रीय उद्यान पहुंचे। उन्होंने बोत्सवाना से ग्वालियर तक विशेष विमान से लगाया गया, इसके बाद वायुसेना के तीन हैलीकॉप्टर से ग्वालियर एयरपोर्ट से इन चीतों को कूनो में एयरलिफ्ट किया गया। केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव द्वारा बोत्सवाना से आये 9 चीतो में से तीन चीतो को प्रतीकात्मक रूप से क्वांरटीन के लिए पालपुर-मेघपुरा पूर्व बीट में बनाये गये बाडो में रिलीज किया गया।
जैव विविधता के संरक्षण की दिशा में बडा कदम
केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव ने बोत्सवाना से लाये गये चीतों के कूनो नेशनल पार्क में रिलीज कार्यक्रम के दौरान कहा कि यह बोत्सवाना और भारत के बीच जैव विविधता संरक्षण की एक ऐतिहासिक साझेदारी है। उन्होंने कहा कि बायोडायवर्सिटी कंजर्वेशन की दिशा में कई देश साथ आये है, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विशेष पहल और प्रयासों से भारत में चीतों के प्रतिस्थापन की योजना पूरी तरह से सफल रही है। भारत में चीता प्रोजेक्ट को साढे तीन साल का समय हो गया है। कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीतो का कुनबा निरंतर बढ रहा है, वर्तमान में भारत में चीतों की संख्या 48 हो गई है, जिनमें 45 कूनो नेशनल पार्क और 3 गांधी सागर अभ्यारण में है। इनमें 28 चीता ऐसे हैं जिनका जन्म भारत में हुआ है। केन्द्रीय वन मंत्री ने कहा कि भारत के प्रयासों से विश्व में जैव विविधता संरक्षण के लिए कार्य किया जा रहा है और 97 देश इस मंच के सदस्य बन गये है।
चीता विशेषज्ञों के दल से की मुलाकात
शनिवार को कूनो राष्ट्रीय उद्यान में बोत्सवाना से लाये गये 9 चीतों के साथ एक विशेष दल भी साथ आया है। केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव ने चीता रिलीज कार्यक्रम के बाद बोत्सवाना से आये चीता विशेषज्ञ दल से भेंट कर चर्चा की गई, साथ उनके माध्यम से चीतों के बारे में कई जानकारियां हांसिल की। ही इस अवसर पर कूनो नेशनल पार्क की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किये गये।
चीतों का कुनबा बढ़कर हुआ 48
बोत्सवाना से 9 चीतों के आने के बाद अब देश में कुल चीतों की कुल संख्या 48 हो गई है, इनमें 45 कूनो नेशनल पार्क में और 3 गांधी सागर अभयारण्य में है। सबसे पहले 17 सितंबर 2022 को लाए गए 8 नामीबियाई चीतों में से 3 स्थापित हैं तथा उनके 17 भारतीय जन्मे शावकों सहित कुल नामीबियाई मूल की स्थापित आबादी 20 हो गई है। 18 फरवरी 2023 को लाए गए 12 दक्षिण अफ्रीकी चीतों में से 8 स्थापित हैं तथा उनके 11 भारतीय जन्मे शावकों सहित कुल दक्षिण अफ्रीकी मूल की स्थापित आबादी 19 हो गई है। इनमें से 16 कूनो में एवं 3 गांधी सागर में हैं।
इनकी रही मौजूदगी
शनिवार को बोत्सवाना से लाये गये चीतों को कूनो में छोड़े जाने के कार्यक्रम के दौरान ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, सहरिया विकास प्राधिकारण के अध्यक्ष एवं कैबीनेट मंत्री दर्जा तुरसनपाल बरैया, पूर्व मंत्री रामनिवास रावत, भाजपा जिला अध्यक्ष शशांक भूषण, पूर्व विधायक दुर्गालाल विजय सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं अधिकारियों के रूप में डीजी वन्य जीव भारत सरकार सुशील कुमार अवस्थी, एसीएस वन संदीप यादव, प्रधान मुख्य वन संरक्षण एवं हेंड ऑफ फॉरेस्ट फोर्स वीएन अम्बाडे, कमिश्नर सुरेश कुमार, जिलाधीश अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल, डीएफओ कूनो आर थिरूकुराल, सामान्य केएस रंधा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।