सीहोर, 22 फरवरी । चक्रवर्ती सम्राट राजा भोज केवल एक पराक्रमी राजा ही नहीं बल्कि ज्ञान, संस्कृति, न्याय और सुशासन के प्रतीक थे। उन्होंने अपने शासनकाल में शिक्षा, साहित्य, जल प्रबंधन, वास्तुकला तथा लोककल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए।
यह बात मध्य प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने रविवार को सीहोर में चक्रवर्ती सम्राट राजा भोज की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। परमार समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में राजस्व मंत्री वर्मा और उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार ने राजा भोज की प्रतिमा का अनावरण किया।
इस अवसर पर मंत्री वर्मा ने कहा कि राजा भोज ने समाज को यह संदेश दिया कि सशक्त शासन वही होता है जो जनता के हित, ज्ञान के विस्तार और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए समर्पित हो। उन्होंने कहा कि आज भी राजा भोज की कार्यशैली प्रशासन और जनसेवा के लिए प्रेरणास्रोत है। प्रदेश सरकार उनके आदर्शों पर चलते हुए विकास, शिक्षा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
राजा भोज का टेक्नोलॉजी निर्माण के क्षेत्र में भी है बड़ा योगदानः मंत्री परमार
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार ने कहा कि सम्राट राजा भोज भारतीय इतिहास के ऐसे महान व्यक्तित्व थे जिन्होंने शिक्षा और ज्ञान को शासन की आधारशिला बनाया। उन्होंने अनेक ग्रंथों की रचना कर विद्वत्ता की नई परंपरा स्थापित की तथा गुरुकुल और शिक्षण संस्थानों को संरक्षण देकर ज्ञान की धारा को आगे बढ़ाया। उनके द्वारा रचित प्रमुख ग्रंथो में युक्तिकल्पतरू और संमृांगढ़ सूत्रधार प्रमुख हैं। राजा भोज केवल आध्यात्मिक चेतना के केंद्र नही थे, बल्कि टेक्नोलॉजी निर्माण के क्षेत्र में भी उनका बड़ा योगदान है।
मंत्री परमार ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को राजा भोज के ज्ञान, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण के दृष्टिकोण से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे बड़ा माध्यम है और राजा भोज की विचारधारा आज भी नई पीढ़ी को आत्मनिर्भर और संस्कारित भारत निर्माण की दिशा दिखाती है।
इस अवसर पर विधायक सुदेश राय, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय पैरालंपिक खिलाड़ी कपिल परमार, गौरव सन्नी महाजन, विजेन्द्र परमार, सूरज सिंह परमार, शुजालपुर नगर पालिका अध्यक्ष बबीता परमार, सरिता परमार, हेमलता परमार, दुर्गादास कटारे, चंदर सिंह परमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।