बलरामपुर : धान खरीद अवधि में वृद्धि से शेष किसानों को मिला लाभ

बलरामपुर, 06 फ़रवरी । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशों के परिपालन में राज्य शासन द्वारा किसानों से समिति के माध्यम से 05 एवं 06 फरवरी 2026 को भी धान खरीद जा रही है। किसानों की सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए राज्य शासन द्वारा धान खरीद की अवधि में 05 एवं 06 फरवरी तक की वृद्धि की गई है, जिससे शेष किसानों को भी अपनी उपज समर्थन मूल्य पर विक्रय करने का अवसर मिल सके।

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में धान खरीद कार्य सुचारू रूप से जारी है। जिले में 31 जनवरी 2026 तक कुल 45 हजार 611 किसानों द्वारा 30 लाख 685.20 क्विंटल धान का सफलतापूर्वक विक्रय किया जा चुका है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा धान खरीद की तिथि 05 एवं 06 फरवरी तक बढ़ाए जाने के निर्णय से जिले के शेष किसानों को भी बड़ा लाभ मिला है।

निर्धारित तिथि के तहत 05 फरवरी को 331 किसानों से 20 हजार 257 क्विंटल धान की खरीद की गई है। धान खरीद केंद्रों में पर्याप्त संसाधन, बारदाना, तौल व्यवस्था एवं भुगतान प्रक्रिया को सुव्यवस्थित रखा गया है, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित की जा रही है।