पलवल, 06 फ़रवरी । पलवल साइबर क्राइम थाना पुलिस ने न्यूड वीडियो कॉल के जरिए ब्लैकमेल कर एक लाख 39 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में दो आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। साइबर क्राइम थाना प्रभारी नवीन कुमार ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि एक व्यक्ति ने एनसीआरपी पोर्टल पर ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार 24 जनवरी की रात अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप वीडियो कॉल आई। कॉल के दौरान एक युवती ने चेहरा दिखाए बिना आपत्तिजनक हरकतें कीं और पीड़ित का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
अगले दिन आरोपियों ने खुद को क्राइम ब्रांच अधिकारी बताकर पीड़ित को फोन किया और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। वीडियो डिलीट कराने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में 1.39 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कॉल डिटेल रिकॉर्ड व तकनीकी विश्लेषण में मोबाइल की लोकेशन राजस्थान के भरतपुर जिले में मिली। पुलिस टीम ने दबिश देकर भरतपुर निवासी अखलाख को गिरफ्तार किया और वारदात में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया। पूछताछ में सामने आया कि ठगी की राशि हारिश के बैंक खाते में ट्रांसफर की गई थी। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया।