खूंटी, 23 फ़रवरी । सरना समाज के अगुआ और आजीवन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े रहे दिवंगत सनिका पाहन की स्मृति में सोमवार को तोरपा प्रखंड के चंपाबाहा में पारंपरिक विधि विधान से पत्थलगड़ी की गई है। कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा शामिल हुए। पत्थलगड़ी कार्यक्रम के दौरान सिंग बोंगा का आह्वान कर पूजा-अर्चना की गई।
इस अवसर पर अर्जुन मुंडा अपनी पत्नी मीरा मुंडा के साथ चंपाबहा गांव पहुंचे और पत्थलगड़ी स्थल पर पूजा में भाग लिया। उन्होंने संस्मरण पत्थर पर आम के पल्लव से अभिषेक किया तथा चावल अर्पित कर दिवंगत सनिका पाहन को श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि सनिका पाहन सरना समाज के सशक्त अगुआ थे और उन्होंने जीवन भर समाज सेवा के लिए कार्य किया। उन्होंने कहा कि सरना धर्म आदि धर्म है और सानिका पाहन ने समाज की जागृति के लिए निरंतर प्रयास किए। ‘जो व्यक्ति इस धरती पर आता है, उसका जाना निश्चित है,लेकिन धरती पर आने और जाने के बीच किए गए कार्य ही उसे स्मरणीय बनाते हैं’। उन्होंने कहा कि समाज सेवक के रूप में सनिका पाहन को लोग सदैव याद रखेंगे।