सागर : पुलिस की तत्परता: CCTV की मदद से चंद घंटों में बरामद किया पैसों से भरा बैग

सागर, 17 फरवरी । मध्‍यप्रदेश के सागर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज की मदद से चंद घंटों के भीतर पैसों से भरा एक बैग बरामद कर सराहनीय कार्य किया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा मार्गदर्शन में सागर पुलिस कंट्रोल रूम ने अपनी तकनीकी दक्षता और त्वरित कार्रवाई का एक शानदार उदाहरण पेश किया है। पुलिस टीम ने एक व्यक्ति का 60 हजार नकद और दस्तावेजों से भरा बैग कुछ ही घंटों में सुरक्षित बरामद कर उनके चेहरे पर मुस्कान वापस लौटा दी।

गढ़ाकोटा के सुभाष वार्ड निवासी राजेंद्र जैन अपने बच्चों की परीक्षा दिलाने सागर आए थे। बच्चे को सेंट मैरी स्कूल छोड़ने के बाद वे किसी निजी कार्य से कटरा बाजार गए। वहां से वापस लौटते समय वे ऑटो से होटल पैराडाइस के पास उतरे, लेकिन जल्दबाजी में अपना बैग ऑटो में ही भूल गए। इस बैग में 60 हजार नगद और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज थे।

काफी खोजबीन के बाद जब ऑटो का पता नहीं चला, तो परेशान राजेंद्र जैन पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे और उप निरीक्षक आरकेएस चौहान को आपबीती सुनाई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम तुरंत सक्रिय हुई।

महिला प्रधान आरक्षक रेखा रजक ने कंट्रोल रूम के सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण के जरिए उस संभावित ऑटो का रजिस्ट्रेशन नंबर निकाला गया। इसके बाद वाहन पोर्टल से ऑटो चालक का मोबाइल नंबर और पता प्राप्त कर पुलिस टीम को रवाना किया गया।

ऑटो चालक को कंट्रोल रूम बुलाकर जब बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें रखे पूरे पैसे और दस्तावेज सुरक्षित मिले।

पुलिस ने उचित सत्यापन के बाद बैग राजेंद्र जैन को सौंप दिया। अपनी मेहनत की कमाई वापस पाकर राजेंद्र जैन भावुक हो गए और उन्होंने सागर पुलिस का सहृदय आभार व्यक्त किया।

पुलिस अधीक्षक ने टीम की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और सीसीटीवी नेटवर्क के बेहतर उपयोग से ऐसे मामलों में शीघ्र सफलता मिल रही है। इस कार्रवाई से आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।