सूरजपुर, 18 फ़रवरी ।बालिकाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित सरस्वती सायकल योजना जिले में सकारात्मक बदलाव की कहानी लिख रही है। निःशुल्क सायकल मिलने से छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सहूलियत हो रही है और उनके समय व श्रम की बचत हो रही है।
इसी कड़ी में आज बुधवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चंदन नगर, विकासखंड प्रेमनगर की छात्रा मायावती को योजना के तहत सायकल प्रदान की गई। मायावती का घर विद्यालय से लगभग चार किलोमीटर दूर है। पहले उसे प्रतिदिन कच्ची सड़कों से होकर पैदल स्कूल जाना पड़ता था। तेज धूप, बारिश और लंबी दूरी उसकी दिनचर्या का हिस्सा थे। स्कूल पहुंचते-पहुंचते वह थक जाती थी, जिससे पढ़ाई के लिए ऊर्जा और समय दोनों प्रभावित होते थे।
निःशुल्क सायकल मिलने के बाद उसकी दिनचर्या पूरी तरह बदल गई है। अब वह आत्मविश्वास के साथ समय पर स्कूल पहुंचती है। लंबी दूरी की बाधा समाप्त हो गई है और सफर सुरक्षित व सुगम हो गया है। समय की बचत से वह पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे पा रही है, उसकी उपस्थिति नियमित हुई है और शैक्षणिक प्रदर्शन में भी सुधार आया है।
मायावती ने बताया कि सायकल मिलने से उसके सपनों को नई दिशा मिली है। अब वह उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने परिवार और समाज का नाम रोशन करना चाहती है।
सरस्वती सायकल योजना ने न केवल एक छात्रा की राह आसान की है, बल्कि बालिकाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में सार्थक पहल का उदाहरण भी प्रस्तुत किया है।