स्नेहा मुरारी ने भारतीय ज्ञान प्रणाली परीक्षा में प्रथम स्थान किया हासिल

नैनीताल, 08 फ़रवरी । सरोवर नगर स्थित कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर की छात्रा स्नेहा मुरारी ने भारतीय ज्ञान प्रणाली परीक्षा में परिसर स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के साथ उनका चयन राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा के लिए हुआ है।

भारतीय ज्ञान प्रणाली परीक्षा का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, दर्शन, पारंपरिक विज्ञान और जीवन मूल्यों की समझ को बढ़ाना है। स्नेहा मुरारी के उत्कृष्ट प्रदर्शन से डीएसबी परिसर और कुमाऊं विश्वविद्यालय का नाम रोशन हुआ है।

कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत ने छात्रा को बधाई दी और आशा व्यक्त की कि वह राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगी। शिक्षा संकाय के अध्यक्ष प्रो. अतुल जोशी ने इस सफलता को विभाग और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम बताया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय की समन्वयक डॉ. उमंग सैनी, शिक्षा विभाग के अध्यक्ष डॉ. अशोक उप्रेती सहित सभी प्राध्यापक और कर्मचारी उपस्थित रहे। स्नेहा मुरारी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया।