सूरजपुर : विशेष ग्राम सभाओं में योजनाओं की समीक्षा, जनभागीदारी पर जोर

सूरजपुर, 23 फ़रवरी । जिला प्रशासन द्वारा शासन की महत्वाकांक्षी और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले की चयनित ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देशानुसार आयोजित इन ग्राम सभाओं में विभिन्न योजनाओं की समीक्षा, पात्र हितग्राहियों का सत्यापन और आवश्यक प्रस्तावों को पारित किया गया।

ग्राम सभाओं में सर्वप्रथम ‘धरती आबा योजना’ के अंतर्गत वन क्षेत्र से प्रभावित ग्राम पंचायतों में सड़क निर्माण कार्य की स्वीकृति पर विस्तृत चर्चा कर अनुमोदन दिया गया। योजना के माध्यम से दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत वनपट्टा धारी (एफआरए) कृषकों के भौतिक सत्यापन के बाद अपात्र पाए गए मामलों पर ग्राम सभा में विचार-विमर्श कर आवश्यक निर्णय लिए गए, ताकि योजना का लाभ केवल पात्र हितग्राहियों तक ही पहुंच सके।

ग्राम सभा अध्यक्ष की अनुमति से प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, कर वसूली और अन्य स्थानीय विषयों पर भी व्यापक चर्चा की गई। ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पारदर्शी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।

कलेक्टर के नेतृत्व और जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन ग्रामीण स्तर पर योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सतत प्रयासरत है। विशेष ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को सीधे शासन की योजनाओं से जोड़ने की पहल को सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।