बॉक्सम एलीट : 12 भारतीय मुक्केबाज गोल्ड की दौड़ में, लवलीना 75 किग्रा फाइनल में पहुंचीं

ला नूसिया (स्पेन), 07 फरवरी । बॉक्सम एलीट इंटरनेशनल 2026 में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। टूर्नामेंट के चौथे दिन के मुकाबलों के बाद भारत के 12 मुक्केबाज (8 महिलाएं और 4 पुरुष) स्वर्ण पदक के लिए फाइनल में पहुंच चुके हैं। इनमें ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोर्गोहाईं भी शामिल हैं, जिन्होंने महिलाओं के 75 किग्रा वर्ग में दमदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई।

महिलाओं के मुकाबलों में भारत का दबदबा साफ नजर आया। लवलीना ने वेल्स की रोसी एक्लेस को सर्वसम्मत फैसले से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं 54 किग्रा वर्ग में भारत का गोल्ड पहले ही पक्का हो गया है, जहां प्रीति और पूनम के बीच ऑल-इंडियन फाइनल खेला जाएगा।

इसके अलावा महिलाओं के अन्य वर्गों में भी भारतीय मुक्केबाजों ने शानदार खेल दिखाया। मंजू रानी (48 किग्रा), नीतू (51 किग्रा), प्रिया (60 किग्रा), अरुंधति चौधरी (70 किग्रा) और नैना (80 किग्रा) ने अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बनाई और भारत की गहराई और निरंतरता को साबित किया।

पुरुष वर्ग में भी भारतीय मुक्केबाजों का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा। 60 किग्रा वर्ग में सचिन ने इंग्लैंड के जैक ड्राइडन को हराकर फाइनल में जगह बनाई। 70 किग्रा में दीपक ने कजाकिस्तान के वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल्स के रजत पदक विजेता नुरबेक मुरसल के खिलाफ पहले ही राउंड में आरएससी से जीत दर्ज कर सभी का ध्यान खींचा। वहीं 75 किग्रा में आकाश और 80 किग्रा में अंकुश ने भी कजाक प्रतिद्वंद्वियों को मात देकर गोल्ड मेडल मुकाबले में प्रवेश किया।

कुल मिलाकर भारत शनिवार को होने वाले फाइनल मुकाबलों में सबसे ज्यादा प्रतिनिधित्व करने वाला देश है। भारत के बाद कजाकिस्तान (11), यूक्रेन (5) और मेजबान स्पेन (4) के मुक्केबाज फाइनल में उतरेंगे। भारत को कम से कम एक स्वर्ण पदक तो पक्का मिल चुका है, जबकि कई वर्गों में गोल्ड जीतने की प्रबल उम्मीद है।

सेमीफाइनल में हार के बावजूद कुछ भारतीय मुक्केबाजों ने कांस्य पदक अपने नाम किए। महिलाओं में प्रांजल यादव (65 किग्रा), काजल (65 किग्रा), सनमाचा चानू (75 किग्रा) और मनकीरत कौर (80+ किग्रा) को कांस्य मिला। पुरुष वर्ग में जादुमणि सिंह (55 किग्रा), मोहम्मद हुस्सामुद्दीन (60 किग्रा) और हितेश गुलिया (70 किग्रा) ने कांस्य पदक जीता।