शिमला, 14 फ़रवरी । शिमला जिले में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गौरव सिंह ने शुक्रवार देर रात औचक निरीक्षण कर अपनी सक्रिय कार्यशैली का संकेत दिया। एसएसपी ने आधी रात को ठियोग थाना और उसके अधीन आने वाली पुलिस चौकियों का अचानक दौरा किया तथा वहां की कार्यप्रणाली का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में घटित अपराधों की समीक्षा की और लंबित मामलों की प्रगति की जानकारी ली। विशेष रूप से मादक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के तहत दर्ज मामलों की कार्रवाई का निरीक्षण करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई और तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के कारोबार को समाप्त करना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा और इसके लिए निरंतर अभियान चलाया जाएगा।
रात्रि गश्त की व्यवस्था का भी औचक निरीक्षण किया गया। एसएसपी ने गश्ती दलों को सतर्कता और प्रभावी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए ताकि अपराधों पर समय रहते नियंत्रण किया जा सके। निरीक्षण के दौरान थाना ठियोग से संबंधित स्थानीय समस्याओं को भी सुना गया और तत्काल प्रभाव से अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराने के आदेश जारी किए गए, ताकि क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था और मजबूत हो सके।
गौरव सिंह ने निरीक्षण के दौरान पुलिस कर्मचारियों से बातचीत कर उनका मनोबल बढ़ाया और उन्हें ईमानदारी तथा जिम्मेदारी के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और इसके लिए हर स्तर पर पारदर्शी तथा सक्रिय कार्यशैली अपनाई जानी चाहिए।
बता दें कि हाल ही में एसएसपी शिमला का कार्यभार संभालने वाले गौरव सिंह पहले दिन से ही सक्रिय नजर आ रहे हैं। वे इससे पहले सोलन और कुल्लू में पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य कर चुके हैं, जहां उनकी तेजतर्रार और सख्त कार्यशैली की सराहना की जाती रही है।