अनूपपुर, 05 फ़रवरी । मध्य प्रदेश के अनूपपुर में जिला पंचायत सीईओ अर्चना कुमारी ने गुरूवार को पुष्पराजगढ़ विकासखंड के सुदूरवर्ती 4 ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर ग्रामीण विकास तथा जनहित के कार्यों का मैदानी भ्रमण कर जायजा लिया।
उन्होंने ग्राम पंचायत बेंदी, देवरी, कोयलारी, दमेहड़ी का भ्रमण किया। ग्राम पंचायत बेंदी में प्रधानमंत्री जनमन आवास तथा पीएम जनमन बहुउद्देशीय सामुदायिक भवन का जायजा। उन्होंने पीएम जनमन बहुउद्देशीय सामुदायिक केंद्र का निरीक्षण करते हुए भवन के गुणवत्ता में सुधार तथा विसंगतियों को आगामी एक माह में दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने भवन का निरीक्षण करते हुए सामग्री की गुणवत्ता को सुधारने तथा भवन में पेयजल एवं बिजली की व्यवस्था करने के निर्देश ठेकेदार को दिए।
जिला पंचायत सीईओ ने मनरेगा योजना अंतर्गत एक बगिया मां के नाम पौधारोपण एवं फेंसिंग कार्य का जायजा लेते हुए हितग्राही झुलमत बाई, सुदशिया बाई और सुरतेली बाई से पौधों के सम्बन्ध मे जानकारी ली तथा पौधों की जीवंत बनाए रखने के संबंध में उन्हें सजग रहकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया उन्होंने कहा कि योजना को सफल बनाने के लिए उनका कर्मठ योगदान महत्वपूर्ण है।
ग्राम पंचायत देवरी परिसर में निर्मित किए जा रहे हैं मंगल भवन निर्माण कार्य तथा आंगनबाड़ी केंद्र का जायजा लिया। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों से चर्चा की बच्चों ने अपनी पढ़ाई के संबंध में अवगत कराया उनके अक्षर ज्ञान को देखकर जिला पंचायत सीईओ ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा छात्र सहदेव की सराहना की, उन्होंने मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से सुपोषण अभियान की जानकारी ली उन्होंने ग्राम पंचायत परिसर में संचालित संकल्प से समाधान अभियान के संबंध में सचिव से जानकारी प्राप्त की।
प्राथमिक विद्यालय देवरी तथा शिवनी संगम में मध्यान भोजन व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए जिला पंचायत सीईओ ने व्यवस्थाओं के सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने सामुदायिक स्वच्छता परिसर शिवनी संगम को व्यवस्थित तथा साफ सुथरा कर उसे उपयोग में लाने के संबंध में सचिव को निर्देश दिए उन्होंने कहा कि आगामी 10 दिवस में व्यवस्था में सुधार किया जाए।
सिवनी संगम स्थित कल्पवृक्ष गेवियन संरचना का जिपं सीईओ ने लिया जायजा
भ्रमण के दौरान जिला पंचायत की सीईओ अर्चना कुमारी ने ग्राम सिवनी संगम स्थित कल्पवृक्ष के संरक्षण के लिए बनाए गए ग्रेवियन संरचना का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से इस संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा कल्पवृक्ष परिसर के विकास से संबंधित कार्यों के निर्देश दिए।
दमेहड़ी के स्वास्थ्य केंद्र तथा आदिवासी छात्रावास का निरीक्षण कर दिए निर्देश
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी ने ग्राम पंचायत दमेहड़ी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए एएनसी पंजीयन, जांच तथा स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध डिलीवरी की सुविधा तथा स्वास्थ्य केंद्र में मूलभूत व्यवस्थाएं पानी, शौचालय आदि का विस्तार से निरीक्षण करते हुए मौके पर उपस्थित प्रमुख खंड चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने भ्रमण के दौरान बालिका छात्रावास दमेहड़ी तथा आदिवासी बालक आश्रम दमेहड़ी का निरीक्षण कर वार्डन को व्यवस्थाओं में सुधार करने तथा बिगडी मशीनरी सामग्री के मरम्मत एवं छात्रों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।