एफएसएल वैन को ट्रक ने मारी टक्कर, कॉन्स्टेबल की मौत

पाली, 14 फ़रवरी । शहर के ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की वैन को टक्कर मार दी। हादसे में पुलिस लाइन में तैनात कॉन्स्टेबल दुर्गादान चारण की मौत हो गई। हादसा जयपुर-पाली हाईवे स्थित हनुमान ढाबे के बाहर हुआ।

ट्रांसपोर्ट नगर थाना अधिकारी हनुवंस सिंह सिसोदिया ने बताया कि सरवड़ी (बालोतरा) निवासी दुर्गादान चारण एफएसएल टीम के साथ सैंपल लेने गए थे। टीम जयपुर-पाली हाईवे पर हनुमान ढाबे पर खाना खाने के लिए रुकी थी। अन्य सदस्य ढाबे के अंदर चले गए, जबकि दुर्गादान वैन से पानी की बोतल निकाल रहे थे। इसी दौरान सोजत की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने वैन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन अचानक घूम गई और उसकी चपेट में दुर्गादान आ गए। हादसे में उनके हाथ-पैर फ्रैक्चर हो गए और सीने की पसलियां भी टूट गईं। गंभीर हालत में साथी पुलिसकर्मी उन्हें पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी आदर्श सिधु और एएसपी जयसिंह तंवर मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

गौरतलब है कि गुरुवार देर रात पाली जिले के खिंवाड़ा थाना क्षेत्र में एंटी नारकोटिक्स फोर्स और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें भूटाराम (36) निवासी सरनाडा डांगियावास (जोधपुर) की मौत हो गई थी। उसी मुठभेड़ स्थल से साक्ष्य एकत्र करने के लिए एफएसएल और पुलिस टीम शुक्रवार को गई थी। पाली लौटते समय यह हादसा हो गया।

घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर है। पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।