मुठभेड़ में पुलिस की गोली से दो गोतस्कर घायल, तीसरा गिरफ्तार

जिले के महराजगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार की बीती रात पुलिस और गो तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें दो गो तस्करों के पैर में गोली लगी, जबकि एक अन्य को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपितों के कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस, चापड़, चाकू, मोबाइल और मोटरसाइकिल बरामद हुई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार रात करीब ढाई बजे थाना महराजगंज पुलिस क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। ग्राम अहरिगांव नहर पुलिया के पास सूचना मिली कि कुछ बदमाश किसी वारदात की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक ने पुलिस टीम के साथ घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने बार-बार आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों ने दोबारा फायरिंग की।

जवाबी कार्रवाई में दो तस्कर घायल हो गए। पुलिस उन्हें और उसके तीसरे साथी को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों की पहचान निजामाबाद निवासी अबु जैद, कोलमोदीपुर निवासी अनिल नोना के रूप में हुई हैं। दोनों के पैर में गोली लगी हैं। तीसरा बदमाश अब्दुला को गिरफ्तार किया गया।

एसपी ग्रामीण ने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने अवैध गोवंश वध और मांस बिक्री की बात स्वीकार की। गिरफ्तार अनिल नोना और अबु जैद के खिलाफ पहले से गोवध, चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आगे की कार्रवाई की जा रही हैं।