बाल वैज्ञानिकों ने इंस्पायर अवार्ड में दिखाई प्रतिभा

पौड़ी गढ़वाल, 05 फ़रवरी ।जीआईसी पौड़ी में दो दिवसीय जिला स्तरीय इंस्पायर अवार्ड प्रतियोगिता शुरू हो गई। प्रतियोगिता के पहले दिन कल्जीखाल, जयहरीखाल, पोखड़ा, एकेश्वर, पाबौ, कोट, खिर्सू और पौड़ी ब्लाक के 64 बाल वैज्ञानिकों ने अपने प्रोजेक्ट के माध्यम से अपनी वैज्ञानिक नवाचार को प्रस्तुत किया।

गुरुवार को जीआईसी में प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर बलवंत सिंह बिष्ट, जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा अशुल बिष्ट, खंड शिक्षा अधिकारी पौड़ी मास्टर आदर्श ने किया। मुख्य अतिथि रचना बुटोला ने कहा कि यह योजना हमारे देश के बच्चों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा देने का एक सशक्त माध्यम है। कहा कि यह अवार्ड केवल एक पुरस्कार नहीं है, बल्कि यह बच्चों की कल्पनाशक्ति को उड़ान देने और उनके विचारों को वास्तविकता में बदलने का अवसर है। विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर बलवंत सिंह बिष्ट ने कहा कि हमारे विद्यार्थी जब समाज की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए नए मॉडल और विचार प्रस्तुत करते हैं, तो यह भारत के उज्ज्वल भविष्य का संकेत देता है।

जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक अंशुल बिष्ट ने कहा कि असफलता भी सफलता की सीढ़ी होती है। प्रश्न पूछते रहिए, प्रयोग करते रहिए और कभी भी सीखना बंद मत कीजिए। आज का आपका छोटा सा नवाचार, देश और समाज के लिए बदलाव ला सकता है।

इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी पौड़ी मास्टर आदर्श, प्रधानाचार्य वेदप्रकाश डोभाल, जिला समंवयक देवेंद्र सिंह रावत, भवान सिंह नेगी, उषा रावत, पारूल, नवेंद्र नेगी, अखिलेश घिल्डियाल, देवेंद्र सिंह रावत, महेंद्र रौथाण, मनोज बिष्ट जयदीप रावत, मनोज काला, विक्रम सिंह रावत, अजयपाल सिंह रावत, सौरभ नौटियाल, रघुराज चौहान, शैलेंद्र असवाल, तेजराम मंमगाई, संजय रूडोला, महेश गिरि आदि शामिल रहे।