उत्तराखंड में जेपी नड्डा ने सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय पर दिया जोर

देहरादून, 14 फरवरी । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने शनिवार को उत्तराखंड भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लक्ष्य मानते हुए कार्यकर्ताओं से अभी से मिशन मोड में जुटने का आह्वान किया।

शनिवार को जौलीग्रांट स्थित एक होटल में आयोजित इस बैठक में नड्डा ने सरकार के विकास कार्यों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई और प्रदेश में बेहतर कार्यों के लिए पुष्कर सिंह धामी सरकार की सराहना की। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और आगामी चुनावों की रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। नेताओं ने बूथ स्तर तक पार्टी को सशक्त बनाने और जनसंपर्क अभियान को तेज करने पर भी विचार-विमर्श किया।

उत्तराखंड भाजपा के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने प्रेस वार्ता में बताया कि बैठक में संगठन के कार्यक्रमों और सरकार के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 17 फरवरी से संगठन-सरकार समन्वय बैठकों की शुरुआत की जाएगी। मंडल एवं बूथ स्तर पर कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर संगठन को मजबूत किया जाएगा, विशेषकर उन बूथों पर जहां पिछले चुनाव में पार्टी को पराजय मिली थी। उन्होंने बताया कि 23 मार्च को प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर विशाल जनसभा आयोजित करने की योजना है, जिसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी या केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से समय मांगा जाएगा। साथ ही 17 फरवरी से प्रशिक्षण महाअभियान की शुरुआत प्रदेश कार्यशाला से होगी, जिसके बाद जिला और मंडल स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

भट्ट ने बताया कि बैठक में “सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण” सहित विभिन्न राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तरीय अभियानों की समीक्षा भी की गई। इनमें सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के 11 साल संकल्प से सिद्धि तक, योग दिवस, एक पेड मां के नाम, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मृति दिवस, तिरंगा यात्रा, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, सेवा पखवाड़ा, आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान, नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफॉर्म, प्रदेश संगठनात्मक कार्यशाला, सरदार पटेल @150 यूनिटी मार्च, वंदे मातरम @150 वर्ष, जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार, वीर बाल दिवस और बजट प्रचार अभियान शामिल रहे।

बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, रमेश पोखरियाल निशंक, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, अजय भट्ट, माला राज्यलक्ष्मी शाह सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।