हरिद्वार, 12 फ़रवरी । जीआरपी हरिद्वार ने ट्रेन में यात्रियों से मोबाइल छीनने वाले तीन शातिरों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों में से दो मोबाइल चोरी की वारदतों को अंजाम देते थे, जबकि तीसरा चोरी हुए फोन का लॉक तोड़कर नया पिन बनाता और एटीएम/यूपीआई के जरिए पैसे निकालता था।
पुलिस ने बताया कि 25 जनवरी को हेमकुंड एक्सप्रेस से गुजरते समय गुजरात निवासी पीयूष चंद्रकांत मोदी की पत्नी का पर्स जिसमें दो फोन, एयरपॉड, नकद और बैंक कार्ड थे, चोरी हो गया था। जीआरपी हरिद्वार ने आरोपितों की धरपकड़ कर तीनों को गिरफ्तार किया और चोरी के मोबाइल व एयरपॉड बरामद किए।
पकड़े गए आरोपितों में बलदेव सिंह रावत (झिवाली, टिहरी गढ़वाल) और अंश शर्मा (मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश) मुख्य मोबाइल चोर हैं। तीसरे आरोपी दीपक सेमवाल (जाखणीधार, टिहरी गढ़वाल) ने चोरी हुए फोन का लॉक तोड़कर नया यूपीआई पिन बनाया। तीनों को विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया है।