पशु वैक्सीनेशन में लाखों का घोटाला, आरटीआई में हुआ खुलासा

हरिद्वार, 06 फ़रवरी । जनपद के लक्सर क्षेत्र में पशु वैक्सीनेशन के नाम पर लाखों रुपये के घोटाले का मामला सामने आया है। आरटीआई के तहत हुए खुलासे की शिकायत सीधे पशुपालन विभाग मंत्री सौरभ बहुगुणा से की गयी, जिसके बाद निदेशक पशुपालन विभाग गढ़वाल परिक्षेत्र भूपेन्दर सिंह जंगपांगी जांच के लिए लक्सर पहुंचे।

जानकारी के मुताबिक लक्सर के भूरना गांव निवासी एडवोकेट विनीत चौधरी ने आरटीआई के माध्यम से पशुपालन विभाग लक्सर से पशुओं में वैक्सीनेशन को लेकर सूचना मांगी थी। लेकिन विभाग लंबे समय तक टालमटोल करता रहा। मजबूर होकर उन्होंने मामले की शिकायत सीधे विभागीय मंत्री से कर दी। इसके बाद विभाग ने आरटीआई से जुड़े सभी दस्तावेज उपलब्ध कराए।

विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों में सैकड़ों ऐसे लोगों के नाम दर्ज मिले जो गांव के निवासी ही नहीं हैं। कई मामलों में एक ही मोबाइल नंबर पर कई लोगों के नाम से वैक्सीनेशन दिखाया गया, जबकि कुछ ऐसे नाम भी शामिल पाए गए जिनके यहां पशुपालन किया ही नहीं जाता।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि अकेले भुरना गांव में ही पशु वैक्सीनेशन के नाम पर लाखों रुपये का घोटाला किया गया है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान उन्होंने सभी संबंधित दस्तावेज अपर निदेशक को सौंप दिए हैं।

मामले की जांच के लिए पहुंचे अपर निदेशक भूपेन्दर सिंह जंगपांगी ने बताया कि भुरना गांव में वैक्सीनेशन को लेकर अनियमितताओं की शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिस व्यक्ति को वैक्सीनेशन का कार्य सौंपा गया था, उसे 4000 से अधिक वैक्सीन दी गई थीं। जिसे पूरा कर ऑनलाइन अपलोड किया गया है। अब सभी तथ्यों की स्थल पर जाकर जांच की जाएगी।जांच की रिपोर्ट के आधार पर यदि गड़बड़ी पाई गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।