नैनीताल, 05 फ़रवरी ।नैनीताल जिले के भवाली थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के गर्भवती होने की सूचना मिलने के बाद गुरुवार को हिंदूवादी संगठनों ने कोतवाली का घेराव किया और ‘लव जिहाद’ का आरोप लगाते हुए कई जगहों पर बाजार बंद करवा दिया। संगठनों ने आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के अनुसार, 17 वर्ष 2 माह की नाबालिग को गर्भवती करने के आरोप में 24 वर्षीय साहिल हुसैन, निवासी भवाली, के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की बलात्कार संबंधित धारा 64 के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बताया गया है कि आरोपी टैक्सी चालक है और उसके पिता टेलर मास्टर का काम करते हैं।
नैनीताल पुलिस अधीक्षक (अपराध) डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि चिकित्सालय से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया गया और नाबालिग को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया।
घटना के विरोध में हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता जुलूस निकालते हुए भवाली की सड़कों पर उतरे और व्यापारियों से दुकानें बंद करने का आग्रह किया। इसके बाद कई स्थानों पर बाजार बंद रहे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने कहा कि मामले की विवेचना जारी है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।