आज़मगढ़, 22 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश के जनपद आजमगढ़ के अहरौला विकास खंड के टिकुरिया मैदान में महाराजा सुहेलदेव जयंती पर आज सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) की ओर से सामाजिक समरसता रैली आयाेजित की गई। इस माैके पर सुभासपा राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि एनडीए के समर्थन से इस बार सुभासपा आजमगढ़ की सभी 10 विधानसभा सीटें जीतकर दिखाएगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) फिर 2017 जैसी स्थिति में लौट जाएगी।
कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि रैली में बड़ी संख्या में लोगाें की उपस्थिति से साफ है कि पिछड़ा वर्ग अब एकजुट हो रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक पिछड़े वर्ग के आरक्षण का लाभ केवल कुछ जातियों को मिला है, जबकि अन्य पिछड़ी जातियां इससे वंचित रही हैं। जल्द ही रोहिणी आयोग की रिपोर्ट के अनुसार पिछड़े वर्ग के आरक्षण को सात, नौ और 11 तीन वर्गों में विभाजित कर लागू किया जाएगा। ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि आजमगढ़ में सपा को हराने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की जा चुकी है और सुभासपा अब मजबूत स्थिति में चुनाव मैदान में उतर रही है।