कोरबा, 08 फरवरी (हि. स.)। टीपी नगर जोन अंतर्गत बंगाली चाल में वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में ठोस पहल की गई है। आज रविवार को टैगोर उद्यान में आयोजित कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर संजू देवी राजपूत ने वार्ड क्रमांक 15 एवं 09 में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु लगभग 87 लाख रुपये की लागत के कार्यों का भूमिपूजन किया।
इन कार्यों के अंतर्गत वार्ड 15 में डी.आई. पाइप लाइन तथा वार्ड 09 में ओपीवीसी पाइप लाइन बिछाई जाएगी। मंत्री देवांगन ने अधिकारियों को कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि आगामी ग्रीष्म ऋतु में नागरिकों को राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में 36 करोड़ रुपये की जलप्रदाय विस्तार योजना भी शीघ्र प्रारंभ होगी।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि बंगाली चाल सहित संबंधित वार्डों में पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।