निर्माणाधीन मकान में काम करने वाले श्रमिक को लगा बिजली का करंट, मौत

नोएडा, 17 फ़रवरी । थाना सेक्टर 63 क्षेत्र में निर्माणाधीन एक मकान में काम करने वाले मजदूर को बिजली का करंट लग गया। उसे उपचार के लिए गाजियाबाद के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

थाना सेक्टर 63 के प्रभारी निरीक्षक अमित काकरान ने मंगलवार काे बताया कि बीती रात को चोटपुर कॉलोनी में रहने वाले अजीत गुप्ता के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। वहां पर मजदूर नसीम अली पुत्र बदरुद्दीन उम्र 37 वर्ष मूलनिवासी जनपद कन्नौज काम कर रहा था। काम के दौरान उसे बिजली का करंट लग गया। उसे अत्यंत गंभीर हालत में उपचार के लिए गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उपचार के दौरान आज उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि अगर मृतक के परिजन इस मामले में कोई शिकायत करेंगे तो घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच करेगी।