चंडीगढ़, 14 मार्च । गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को पंजाब दौरे के दौरान जहां वर्ष 2027 के चुनाव का शंखनाद कर दिया वहीं उन्होंने पंजाब की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी को एक एक घोटाले के मुद्दे पर घेरते हुए जवाब मांगा। अमित शाह ने करीब आधे घंटे के भाषण के दौरान पंजाब के उन सभी मुद्दों को उठाया, जिन पर स्थानीय नेता दबी जुबान में बोलते रहे हैं।गृहमंत्री ने पंजाब को आम आदमी पार्टी का एटीएम करार देते हुए कहा कि पंजाब के खजाने से केजरीवाल देश में घूम रहे हैं और भगवंत मान उनके पायलट बने हुए हैं। गृहमंत्री ने मोगा में आउटडोर विज्ञापन घोटाला, विज्ञापनों पर 800 करोड़ का खर्च पर सरकार से जवाब मांगा। अमित शाह ने कहा कि सत्ता में आने से पहले 25 लाख नौकरियां देने का वादा करने वाले आज मुंह छिपा रहे हैं। 16 मेडिकल कॉलेज कहीं ढूंढे नहीं मिल रहे हैं। चार माह में पंजाब को नशा मुक्त करने का दावा करने वाले चार साल बाद भी जवाब नहीं दे पा रहे हैं। पंजाब के बुजुर्ग, विधवा तथा दिव्यांग आज भी 2500 रुपये पेंशन का इंतजार कर रहे हैं। खनन से पंजाब की 20 हजार करोड़ रुपये आय में वृद्धि का दावा आज पीछे छूट गया है। अमित शाह ने मोगा के मंच से जब यह मुद्दे उठाए तो पंडाल में मौजूद हजारों लोगों ने हाथ उठाकर उनका समर्थन किया।
अमित शाह ने गठबंधन को लेक चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए कार्यकर्ताओं को अपनी मेहनत से सरकार बनाने का संदेश दिया। इससे साफ हो गया है कि भाजपा इस बार बड़ी गंभीरता के साथ चुनाव लड़ेगी।
इससे पहले पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था की बुरी तरह से बिगड़ चुकी है। पुलिस थानों पर लगातार ग्रेनेड हमले हो रहे हैं। पंजाब सरकार अफसरशाही के बल पर लोगों को धमकाकर पंजाब का भाईचारा बिगाड़ रही है। पंजाब सरकार केंद्र की तरफ से भेजी जा रही धनराशि का सही इस्तेमाल नहीं कर रही है। पंजाब में विपक्षी दल कांग्रेस भी आज सरकार के साथ मिलकर पंजाब को तबाह कर रहे हैं। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा समेत कई नेता मौजूद थे।