अंबिकापुर, 25 मार्च । उत्तर छत्तीसगढ़ की एयर कनेक्टिविटी को नई उड़ान मिलने जा रही है। 30 मार्च से मां महामाया एयरपोर्ट अंबिकापुर से दिल्ली और कोलकाता के लिए सीधी विमान सेवा शुरू होगी। इस महत्वपूर्ण पहल से पहले सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने बुधवार काे एयरपोर्ट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने टर्मिनल, रनवे, सुरक्षा जांच क्षेत्र और यात्री सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उड़ानों के संचालन से पहले सभी तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली जाएं। साथ ही यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट तक पहुंच मार्ग और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया।
इन उड़ानों का संचालन एलायंस एयर द्वारा किया जाएगा, जिसकी टिकट बुकिंग शुरू हो चुकी है। दिल्ली के लिए उड़ान सप्ताह में दो दिन सोमवार और बुधवार चलेगी, जबकि कोलकाता के लिए गुरुवार और शनिवार को सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। निर्धारित समयानुसार फ्लाइट्स बिलासपुर के रास्ते अंबिकापुर पहुंचेंगी और यहां से यात्रियों को सीधा महानगरों तक सुविधा मिलेगी।
इस सीधी हवाई सेवा से सरगुजा संभाग को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। मैनपाट जैसे पर्यटन स्थलों पर देशभर से पर्यटकों का आगमन बढ़ेगा, वहीं व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए महानगरों तक पहुंच आसान होगी। यह पहल क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति देने वाली साबित होगी।