मारपीट कर पुल से फेंकने वाला मुख्य आरोपित एक वर्ष बाद गिरफ्तार

कांकेर, 26 मार्च । जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में करीब एक साल पहले हुए एक आपसी विवाद में मारपीट कर पुल से नीचे फेंकने की घटना के मुख्य आरोपित विक्रम सारथी को हाल ही में दुर्ग से गिरफ्तार कर कार्यवाही उपरांत आज गुरूवार काे न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल दाखिल कर दिया गया।

थाना प्रभारी कोतवाली कांकेर ने बताया कि प्रार्थी सतीश दीपक (53 वर्ष) ने 9 जनवरी 2025 को मामला दर्ज कराया था। उन्होंने बताया कि वे अपने दोस्त सुधरा चौहान के साथ पुराने बस स्टैंड गए थे। रात लगभग 8:30 बजे बस स्टैंड पुल के पास विक्रम सारथी, आशीष सारथी और अन्य साथियों ने उनका रास्ता रोककर मुख्य आरोपितों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने धारदार हथियार से हमला कर प्रार्थी के नाक और आंख में चोट पहुंचाई। इसके बाद दोनों को पुल के नीचे फेंककर फरार हो गए।

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया था। आरोपित आशीष सारथी और सूरज देहारी को 10 जनवरी 2025 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था। मुख्य आरोपित विक्रम सारथी घटना के बाद से फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाना बदल रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दुर्ग में घेराबंदी कर उसे पकड़ा, पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार किया।