धमतरी, 14 मार्च ।आगामी 17 मार्च को आयोजित प्रदेश स्तरीय विधानसभा घेराव को लेकर प्रदेश महामंत्री एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक सकलेन कामदार ने शनिवार को राजीव भवन धमतरी में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर की अध्यक्षता में वरिष्ठ नेताओं, कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में विधानसभा घेराव को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रदेश महामंत्री सकलेन कामदार ने बताया कि मनरेगा बचाओ संग्राम सहित प्रदेश के विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में 17 मार्च को राजधानी रायपुर में विधानसभा का घेराव किया जाएगा। इसमें जिले से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे।
जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने बताया कि बैठक में विधानसभा घेराव की रणनीति तथा बूथ कांग्रेस कमेटियों के गठन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि रायपुर में होने वाले विधानसभा घेराव को सफल बनाने के लिए जिले के वरिष्ठ नेताओं, कांग्रेस पदाधिकारियों और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
उन्होंने कहा कि मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत बूथ स्तर से लेकर ब्लॉक और जिला स्तर तक विभिन्न आंदोलन किए जा चुके हैं। वर्तमान सरकार की नीतियों से प्रदेश की जनता परेशान है और किसान भी कई समस्याओं से जूझ रहे हैं। विभिन्न संगठनों द्वारा अपने अधिकारों को लेकर लगातार आंदोलन किए जा रहे हैं। इन सभी मुद्दों को लेकर सरकार को जगाने के लिए विधानसभा का घेराव किया जाएगा।
बैठक में पूर्व विधायक लेखराम साहू, पूर्व विधायक डॉ. लक्ष्मी ध्रुव, हर्षद मेहता, कुरुद प्रभारी युगल पांडे, पूर्व जिला अध्यक्ष शरद लोहाना, मोहन लालवानी, पूर्व महापौर विजय देवांगन, दुग्ध महासंघ अध्यक्ष विपिन साहू, प्रदेश संयुक्त महामंत्री पंकज महावर, जिला पंचायत सदस्य कविता बाबर, नीलम चंद्राकर, जिला महामंत्री आलोक जाधव, ब्लॉक अध्यक्ष योगेश शर्मा, गौतम वाधवानी, महिम शुक्ला, होमेंद्र साहू, विनीत बाफना, अखिलेश दुबे, राजू सोम, वरिष्ठ नेता अरविंद दोशी, बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।