सिडनी, 20 मार्च । पश्चिमी सिडनी की एक मस्जिद में ईद के कार्यक्रम के दौरान ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और गृह मामलों के मंत्री टोनी बर्क को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। लाकेम्बा में आयोजित इस कार्यक्रम में कुछ लोगों ने इजराइल-गाजा मुद्दे पर सरकार के रुख को लेकर नारेबाजी की और दोनों नेताओं को बाहर निकालने की मांग की, जबकि बड़ी संख्या में वहां मौजूद लोगों ने उनका समर्थन भी किया।
ऑस्ट्रेलियाई प्रसारण निगम (एबीसी) तथा विभिन्न मीडिया रिपाेर्ट के अनुसार, शुक्रवार काे पश्चिमी सिडनी में ईद के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और गृह मामलों के मंत्री टोनी बर्क को विरोध का सामना करना पड़ा। यह घटना लकेम्बा स्थित एक मस्जिद में हुई, जहाँ नमाज़ के बाद कुछ लोगों ने नेताओं के खिलाफ नारेबाज़ी की।
ईद की नमाज के बाद जब सभा को संबोधित किया जा रहा था, तभी कुछ लोग अल्बनीज़ और टोनी बर्क के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्हें वहां से निकालने की मांग करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने दोनों नेताओं पर अंतरराष्ट्रीय मुद्दों, खासकर इज़राइल-गाज़ा संघर्ष पर उनके रुख को लेकर नाराज़गी जताई।
हालांकि, कार्यक्रम में मौजूद बड़ी संख्या में लोगों ने प्रधानमंत्री और स्थानीय सांसद का स्वागत भी किया। आयोजकों ने भीड़ से शांति बनाए रखने की अपील की, जिसके बाद कार्यक्रम जारी रहा।
प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने इस घटना को ज्यादा महत्व नहीं देते हुए कहा कि कार्यक्रम में 30,000 से अधिक लोग शामिल थे और अधिकांश का व्यवहार सकारात्मक था। उन्होंने बताया कि केवल कुछ लोगों ने विरोध किया, जिसे समुदाय ने खुद संभाल लिया।
मस्जिद का संचालन करने वाले संगठन ने नेताओं को बुलाने के फैसले का बचाव किया। उनका कहना है कि यह केवल औपचारिक उपस्थिति नहीं बल्कि समुदाय की समस्याओं को सीधे सरकार तक पहुँचाने का अवसर भी है।
—-