नैनीताल, 12 मार्च । नैनीताल। नगर में घरेलू गैस आपूर्ति को लेकर उत्पन्न हो रही भ्रम की स्थिति को स्पष्ट करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी नैनीताल मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) के महाप्रबंधक विजयनाथ शुक्ल से मुलाकात की।
मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की के नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल ने गैस आपूर्ति को लेकर जनता के बीच फैल रही विभिन्न चर्चाओं और सूचनाओं से अवगत कराया। साथ ही आग्रह किया कि व्यवस्था के संबंध में स्पष्ट जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए, ताकि अनावश्यक भ्रम की स्थिति समाप्त हो सके।
भाजपा पदाधिकारियों ने इस अवसर पर नागरिकों से भी अपील की कि गैस आपूर्ति को लेकर अनावश्यक चिंता न करें। उन्होंने कहा कि गैस की आपूर्ति नियमानुसार और आवश्यकता के अनुसार होती रहेगी। प्रतिनिधिमंडल में मनोज जोशी, दयाकिशन पोखरिया, अरविंद पडियार, आशीष बजाज, भारत मेहरा, विकास जोशी, भगवत रावत, रितुल कुमार, गौरव हार्पर, भूपेंद्र बिष्ट, पंकज बर्गली और युवराज करायत आदि भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे।
इधर पूछे जाने पर नगर में इंडेन की गैस आपूर्तिकर्ता कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर ने बताया कि प्रशासन के निर्देशों एवं इंडियन ऑइल की व्यवस्थाओं के अनुरूप घरेलू एवं शैक्षणिक प्रतिष्ठानों व चिकित्सालयों को गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। समस्याओं के प्रश्न पर उन्होंने बताया कि बुकिंग के दौरान डीएसी यानी डिलीबरी ऑथेंटिकेसन कोड को लेकर इंडियन ऑइल के पोर्टल में कुछ खराबी सामने आयी थी, उसे संबंधितों के स्तर से ठीक किया जा रही है।