पासवर्ड फॉर हैप्पीनेस’ ठोडो मैदान सोलन में आयोजित

सोलन, 06 मार्च । प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में शुक्रवार को विशेष धार्मिक कार्यक्रम ‘पासवर्ड फॉर हैप्पीनेस’ का आयोजन किया गया। राजयोगिनी सिस्टर बी.के शिवानी आध्यात्मिक मार्गदर्शक एवं प्रेरक वक्ता ने इस अवसर पर आयोजित दिव्य सत्र में सरल, गहन और जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान करने वाले प्रेरक विचारों से खुशी के पासवर्ड पर दिव्य प्रकाश डाला।

इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल इस अवसर पर मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। जबकि लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी इस विशेष अवसर पर उपस्थित रहे। बी.के. शिवानी ने वहां उपस्थित जनता को सम्बोधित करते हुए कहा कि आपसी भाई चारा और प्रेम ही जीवन जीने की सरल कला है । युवाओं में बढ़ते नशे के प्रति रुझान पर सन्देश दिया कि युवा नशा करें तो जीवन के अपने लक्ष्य की पूर्ति का, ना कि नशीले पदार्थों का सेवन कर अपने अमूल्य जीवन को नष्ट ना करें ।

उन्होंने कहा कि युवाओं को आज सही मार्गदर्शन की जरूरत है । इसके लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना चाहिए और युवा वर्ग को धर्म व शांति के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करना होगा । हिमाचल की पावन धरती से सन्देश देते हुए कहा कि यहां की शुद्ध वायु और पर्यावरण को संरक्षित रखने के लिए उचित कदम उठाने आवश्यक हैं । देश में बढ़ते प्रदूषण से लोगों की सेहत पर कई दुष्प्रभाव पड़ रहे हैं । जन मानस में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा समय समय पर कई जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं , जो कि बहुत सराहनीय हैं ।