क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़ा नाइजीरियाई ड्रग तस्कर

नई दिल्ली, 14 मार्च । दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में फरार चल रहे एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपित को अदालत ने पहले ही भगोड़ा घोषित कर रखा था। पुलिस के अनुसार आरोपित पश्चिमी दिल्ली के कई इलाकों में सक्रिय होकर नशीले पदार्थों की सप्लाई करता था।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदौरा ने शनिवार को बताया कि आरोपित की पहचान चुक्स (39) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से नाइजीरिया के अनांब्रा राज्य का रहने वाला है और फिलहाल तिलक नगर इलाके के गुरु नानक नगर, शाहपुरा में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक वह तिलक नगर, द्वारका और नजफगढ़ इलाके में ड्रग्स की सप्लाई करता था। उसके खिलाफ चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया थाने में वर्ष 2021 में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित किया हुआ था।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार ड्रग तस्करी पर लगाम लगाने के लिए टीम लगातार काम कर रही है। इसी दौरान हेड कांस्टेबल संदीप कादियान को सूचना मिली कि एनडीपीएस मामले में घोषित अपराधी एक अफ्रीकी नागरिक तिलक नगर इलाके में अपने साथी से मिलने आने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एक टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तिलक नगर मेट्रो स्टेशन के पास जाल बिछाया, जैसे ही संदिग्ध व्यक्ति वहां पहुंचा और पुलिस को देखकर भागने लगा, टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसकी पहचान चुक्स के रूप में हुई, जो एनडीपीएस मामले में फरार चल रहा था।

जांच में सामने आया कि आरोपित वर्ष 2015 में टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था। शुरुआत में वह तिलक नगर इलाके में कपड़ों का कारोबार करता था, लेकिन घाटा होने के बाद उसने काम बंद कर दिया। बाद में वह अपने घर से अफ्रीकी भोजन बनाकर बेचने लगा। इसी दौरान उसका संपर्क ड्रग तस्करों से हो गया और वह मादक पदार्थों की सप्लाई करने लगा।

पुलिस के मुताबिक आरोपित पहले भी हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ में एनडीपीएस एक्ट के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद उसने फिर से अवैध कारोबार शुरू कर दिया और अदालत में पेशी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलता रहा। फिलहाल पुलिस आरोपित से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।