उपमुख्यमंत्री ने मां शारदा के दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की

मैहर, 26 मार्च । मध्य प्रदेश के मैहर में चैत्र नवरात्रि उत्सव अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। इस अवसर पर गुरूवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने त्रिकूट पर्वत स्थित मां शारदा मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उनके साथ मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

नवरात्रि के अंतिम दिनों में जहां एक ओर जवारे विसर्जन और नवमी तिथि पर मां के नौवें स्वरूप की पूजा की तैयारियां चल रही हैं, वहीं दूसरी ओर भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को लेकर भी व्यापक उत्साह देखा जा रहा है। श्रद्धालु दुर्गा सप्तशती पाठ, दुर्गा चालीसा, बीज मंत्र जाप और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से मां भगवती की आराधना कर रहे हैं। अष्टमी के दिन मां महागौरी के पूजन का विशेष महत्व रहा, जिसमें मंदिरों और घरों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। साथ ही कन्या पूजन, भंडारा और ब्राह्मण भोजन जैसे आयोजन भी बड़ी संख्या में संपन्न हुए।

त्रिकूट पर्वत स्थित मां शारदा मंदिर में अष्टमी तिथि पर भोर से ही श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर प्रबंधन समिति के अनुसार दोपहर 1 बजे तक 72 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे, जबकि देर शाम तक यह संख्या दो लाख तक पहुंच गई । मंदिर परिसर में लंबी कतारों के बीच श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए उत्साहपूर्वक प्रतीक्षा करते नजर आए।

इधर सतना में हिन्दू पर्व समन्वय समिति के तत्वावधान में श्रीराम जन्मोत्सव और रामनवमी शोभायात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 27 मार्च को सुभाष पार्क स्थित राम दरबार मंदिर में दोपहर 12 बजे श्रीराम जन्मोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पूजा-अर्चना, महाआरती और अन्य धार्मिक कार्यक्रम संपन्न होंगे।

शाम 5 बजे रामनवमी शोभायात्रा गुरुद्वारा नानक दरबार से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए राम दरबार मंदिर में संपन्न होगी। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम की आकर्षक झांकियां, संत-महात्माओं की उपस्थिति, भजन मंडलियां, लोकनृत्य, बैंड और विभिन्न सामाजिक संगठनों की भागीदारी विशेष आकर्षण रहेगी। साथ ही मातृशक्ति मंगल कलश लेकर यात्रा में शामिल होगी और स्वच्छता वाहिनी नगर में स्वच्छता का संदेश देगी।