अनूपपुर, 16 मार्च । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोषालय विभाग में पदस्थ लिपिक के खिलाफ की गई शिकायतों के बाद कलेक्टर हर्षल पंचोली ने सोमवार को जिला कोषालय में पदस्थ एलडीसी (लोअर डिवीजन क्लर्क) विष्णु देव तिवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं।
जानकारी के अनुसार मामला कोतमा क्षेत्र के स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक विष्णु देव तिवारी ने एक महिला कर्मचारी की आउटसोर्स भर्ती कराने में भूमिका निभाई थी। भर्ती के बाद वे संबंधित विभाग पर उक्त कर्मचारी से काम लेने में नरमी बरतने के लिए दबाव बना रहे थे।
बताया जाता है कि इसी दौरान विवाद बढ़ गया और विष्णु देव तिवारी स्वयं बीएमओ कार्यालय कोतमा पहुंच गए और उसके बाद विवाद की स्थिति बन गई। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने महिला कर्मचारियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी और छींटाकशी की, जिसके बाद मामला गंभीर हो गया।
सूत्रों के अनुसार इस संबंध में बीएमओ कोतमा के.एल. दीवान तथा सीएमएचओ अनूपपुर द्वारा कलेक्टर को लिखित शिकायत की थी। महिला कर्मचारियों से जुड़े संवेदनशील मामले को देखते हुए कलेक्टर ने शिकायत को गंभीरता से लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए विष्णु देव तिवारी को निलंबित कर दिया।
हालांकि निलंबन आदेश को सार्वजनिक रूप से ज्यादा प्रचारित नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि आदेश में पूरी घटना का उल्लेख करते हुए कार्रवाई की गई है। यह भी चर्चा है कि विष्णु देव तिवारी पूर्व में भी अपने आचरण को लेकर विवादों में रहे हैं और कई बार उनके नशे की हालत में मिलने की बातें भी सामने आती रही हैं।
वहीं जब इस संबंध में विष्णु देव तिवारी से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उन्होंने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि वे बीएमओ कार्यालय जरूर गए थे, लेकिन वहां कई लोग मौजूद थे और उन्होंने कोई आपत्तिजनक व्यवहार नहीं किया। उन्होंने निष्पक्ष जांच के लिए समिति गठित करने की मांग करते हुए कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं।
इधर जिला कोषालय अधिकारी ने निलंबन की पुष्टि करते हुए बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से कुछ शिकायतें कलेक्टर के पास भेजी गई थीं, जिनके आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घटना कोतमा क्षेत्र से जुड़ी है।
इनका कहना है
एलडीसी विष्णु देव तिवारी बीएमओं कार्यालय कोतमा जाकर अधिकारियों और महिला कर्मचारियों से नोकझोंक किये जाने के आरोप पर कलेक्टएर ने निलंबित कर दिया है।
दिलीप मरकाम, जिला कोषालय अधिकारी अनूपपुर