अनूपपुर, 31 मार्च । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में मंगलवार की जनसुनवाई में जमीन विवाद और सरकारी योजनाओं से जुड़ी कई शिकायतें सामने आईं। रामनगर क्षेत्र के एक युवक ने जहां दबंगों से अपनी जान बचाने की सुरक्षा मांगी, वहीं कलेक्टर ने कई आवेदनों पर सुनवाई कर अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।
रामनगर थाना क्षेत्र के अविनाश मिश्रा ने एसपी को आवेदन देकर सुरक्षा की मांग की है। पीड़ित का आरोप है कि ग्राम हर्रि में उनकी पट्टे की जमीन पर मोहन पनिका और उसके परिवार के लोग जबरन बाउंड्रीवॉल बना रहे हैं। अविनाश के अनुसार जब उन्होंने काम रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन्हें बंदूक दिखाकर जमीन में दफनाने की धमकी दी। पीड़ित ने बताया कि इस जमीन पर पहले से ही कोर्ट का स्टे ऑर्डर है, इसके बावजूद विरोधी पक्ष लगातार उन्हें डरा-धमका रहा है।
कलेक्टर ने सुनी 38 आवेदकों की समस्याएं
जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर हर्षल पंचोली ने 38 अलग-अलग मामलों पर सुनवाई की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन समस्याओं का समाधान तुरंत किया जाए ताकि लोगों को बार-बार दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
जनसुनवाई में मुख्य रूप से जमीन अधिग्रहण और आर्थिक सहायता के मामले पहुंचे। ग्राम श्यामदुवारी की वंशी कुमारी ने नेशनल हाईवे के लिए अधिग्रहित अपनी जमीन के मुआवजे की मांग की, जबकि पोंड़ी खुर्द के केशव प्रसाद ने पीएम कृषक मित्र सूर्य योजना का लाभ दिलाने की अपील की। इसके अलावा, एक बुजुर्ग महिला कुंवारिया पनिका ने भरण पोषण अधिनियम के तहत मदद मांगी और श्यामलाल ने फौती नामांतरण कराने के लिए आवेदन दिया।